हंडिया। बुधवार को थाना हंडिया परिसर में थाना क्षेत्र अंतर्गत समस्त ग्रामों के कोटवारों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक माननीय पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश एवं अनुभवजन्य अधिकारीगण के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस बैठक का उद्देश्य थाना क्षेत्र के सभी ग्रामों में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। बैठक में कोटवारों को निम्नलिखित बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए:
1. ग्राम स्तर पर होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, अवैध शराब निर्माण/विक्रय, मादक पदार्थों की तस्करी आदि की तत्काल सूचना थाना हंडिया को देने हेतु निर्देशित किया गया।
2. किसी भी अपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को शीघ्र उपलब्ध कराने की बात कही गई।
3. वर्तमान में वर्षा ऋतु को देखते हुए नाथ, नदी-नालों में संभावित बाढ़ की स्थिति के संबंध में कोटवारों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना शीघ्र थाना को देने हेतु कहा गया।
4. ग्रामवासियों को बाढ़ एवं जलभराव से बचाव हेतु जागरूक करने और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
नवागत थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह भदौरिया ने कोटवारों की भूमिका को ग्राम स्तर पर सुरक्षा एवं सूचना तंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया और सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहने की अपील की।